रायगढ़। जिले के ग्राम सूपा में युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने की पहल शुरू हुई है। ग्राम छोटे भंडार स्थित अदाणी पॉवर की सीएसआर इकाई द्वारा रीपा केंद्र, सूपा में अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर (ASDC) का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र का उद्देश्य स्थानीय युवक-युवतियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना है। केंद्र संचालन के लिए भवन ग्राम पंचायत सूपा द्वारा उपलब्ध कराया गया है। अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर में वर्तमान समय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दो प्रमुख कोर्स शुरू किए गए हैं,डोमेस्टिक डेटा एंट्री ऑपरेटर (DDEO) और जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (GDA)। तीन माह की अवधि वाले इन पाठ्यक्रमों में अब तक 60 से अधिक युवाओं ने प्रवेश लिया है।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को तकनीकी और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्लेसमेंट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लक्ष्मी जीवन पटेल और शशधरा दास मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि, यह केंद्र क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा और उन्हें उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कुशल बनाएगा। कार्यक्रम के अंत में धनंजय सिंह ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। यह पहल क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
