मीतू पंजाबी बनकर छाईं आकांक्षा पुरी: ‘इंस्पेक्टर अविनाश 2’ में अपने बोल्ड रोल को लेकर किया बड़ा खुलासा, रणदीप हुड्डा को बताया प्रेरणा

Follow Us

मुंबई। ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म पर इन दिनों क्राइम, सस्पेंस और एक्शन से भरपूर वेब सीरीज ‘इंस्पेक्टर अविनाश 2’ दर्शकों के बीच जबरदस्त सुर्खियां बटोर रही है। इस सीरीज में एक्ट्रेस आकांक्षा पुरी ‘मीतू पंजाबी’ नाम का एक बेहद दमदार और अनोखा किरदार निभा रही हैं, जो पहले एक डांसर होती है और बाद में पुलिस की मुखबिर (इन्फॉर्मर) बन जाती है। उनके इस निडर और मजबूत अंदाज की सोशल मीडिया पर फैंस जमकर तारीफ कर रहे हैं। अपने इस रोल पर बात करते हुए आकांक्षा ने बताया कि वह लंबे समय से कुछ ऐसा चुनौतीपूर्ण करना चाहती थीं जिसने उन्हें उनके कंफर्ट जोन से बाहर निकाला। उनके मुताबिक, मीतू का किरदार भावनात्मक रूप से बेहद गहरा है, जिसे निभाने के लिए उन्हें खुद के अंदर छिपे एक नए रूप को तलाशना पड़ा।

बातचीत के दौरान आकांक्षा ने अपने को-स्टार रणदीप हुड्डा की तारीफों के पुल बांधे। उन्होंने कहा कि रणदीप के साथ काम करना बेहद खास अनुभव रहा; वह हर सीन को इतनी सच्चाई और ईमानदारी से जीते हैं कि, सामने वाले कलाकार को भी बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलती है। सिर्फ आकांक्षा ही नहीं, बल्कि सीरीज के डायरेक्टर नीरज पाठक ने भी रणदीप के समर्पण की तारीफ की। इसके साथ ही नीरज पाठक ने भावुक होते हुए दिवंगत दिग्गज अभिनेता इरफान खान को भी याद किया। उन्होंने दूरदर्शन के दिनों का एक पुराना किस्सा शेयर करते हुए बताया कि, उन्होंने इरफान से फिल्म में साथ काम करने का वादा किया था, जिसे उन्होंने सनी देओल और इरफान खान स्टारर फिल्म ‘राइट या रॉन्ग’ बनाकर पूरा किया था। आज अपनी दमदार स्टारकास्ट और बेहतरीन कहानी के दम पर यह सीरीज दर्शकों का दिल जीत रही है।