पहचान छिपाकर शादी करने और जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाला आरोपी भाइयों समेत गिरफ्तार

Follow Us

ठाणे (उल्हासनगर)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर से जबरन धर्म परिवर्तन और धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक मुस्लिम युवक पर अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर खुद को हिंदू बताने और एक युवती से शादी करने का आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि, शादी के बाद उस पर मुस्लिम रीति-रिवाज अपनाने, बुर्का-हिजाब पहनने और जबरन गोमांस (बीफ) खाने का दबाव बनाया गया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति और उसके दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़ित युवती के अनुसार, आरोपी ने खुद का नाम ‘विजय’ बताकर उससे दोस्ती की और फिर प्रेमजाल में फंसाकर शादी कर ली। शादी के बाद आरोपी उसे बिहार ले गया, जहां युवती को पता चला कि उसका असली नाम इमरान शेख है। वहां पहुंचते ही आरोपी और उसके परिवार का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। पीड़िता ने बताया कि उसे नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया जाने लगा और इनकार करने पर सास-ससुर व परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने बाद में दूसरी शादी भी कर ली और उसके भाइयों की नीयत भी पीड़िता को लेकर ठीक नहीं थी।

युवती ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वाले हिंदू देवी-देवताओं पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां करते थे। किसी तरह वापस लौटकर पीड़िता ने आपबीती पुलिस को बताई। उल्हासनगर पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर इमरान शेख और उसके दो भाइयों को सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि माता-पिता की भूमिका की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।