KKR vs MI: प्लेऑफ की उम्मीदें बचाने उतरेगी कोलकाता, सम्मान की जंग में मुंबई से टक्कर; जानें पिच और हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

Follow Us

कोलकाता। आईपीएल 2026 के 65वें मुकाबले में आज कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच ईडन गार्डन्स में शाम 7:30 बजे से एक बेहद कड़ा मुकाबला खेला जाएगा। पॉइंट्स टेबल में 11 अंकों के साथ आठवें स्थान पर मौजूद कोलकाता के लिए प्लेऑफ की रेस में बने रहने का यह आखिरी मौका है। टीम को अपने बाकी दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे। दूसरी तरफ, टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस आज सिर्फ अपने सम्मान के लिए मैदान पर उतरेगी। हालांकि, KKR के लिए सबसे बड़ा खतरा मौसम बना हुआ है; अगर बारिश के कारण मैच रद्द हुआ, तो कोलकाता की प्लेऑफ की राह लगभग खत्म हो जाएगी।

ईडन गार्डन्स की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है, जहां पहली पारी का औसत स्कोर 163 रन है। काली मिट्टी की इस पिच पर शुरुआती ओवरों में पेसर्स को मदद मिलेगी, लेकिन खेल आगे बढ़ने पर स्पिनर्स का दबदबा बढ़ जाएगा। इतिहास की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 36 मैचों में मुंबई का पलड़ा भारी रहा है। MI ने 25 मैच जीते हैं, जबकि KKR के हाथ सिर्फ 11 जीत लगी है।

मैच में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली KKR में फिन एलन, सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे, जबकि इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मथीशा पथिराना नजर आ सकते हैं। वहीं, हार्दिक पंड्या की अगुवाई वाली मुंबई टीम में रोहित शर्मा, तिलक वर्मा और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज शामिल हैं। इस मैच का लाइव टेलीकास्ट Star Sports नेटवर्क और लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर देखी जा सकती है।