ओमनी कार में चल रहा था बड़ा खेल! 760 मोबाइल और 95 किलो चांदी के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

सरगुजा। जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बड़े संदिग्ध नेटवर्क का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अंबिकापुर पुलिस ने एक ओमनी कार की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में मोबाइल फोन और चांदी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 110 स्मार्टफोन, 650 कीपैड मोबाइल और करीब 95.500 किलोग्राम चांदी की पायल जब्त की गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल ओमनी कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। जब्त सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि, बरामद मोबाइल फोन का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी के मामलों में किया जाता था। पुलिस को आशंका है कि, आरोपी लंबे समय से संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे और अलग-अलग राज्यों में ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में मोबाइल और चांदी कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ और जांच तेज कर दी है।