समय-सीमा की बैठक में बोले कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह– पेयजल और बिजली आपूर्ति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तुरंत दुरुस्त करें व्यवस्था

Follow Us

रायपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सोसायटी सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में आज समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर कलेक्टर ने त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. सिंह ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि जिले में सभी खराब हैंडपंपों का शीघ्र सुधार कराया जाए। जिन क्षेत्रों में भू-जल स्तर की समस्या है, वहां पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गंभीर पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में जल्द से जल्द राहत के साथ-साथ दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार कर भविष्य में पेयजल समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं, जिससे आम नागरिकों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग को कहा कि जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए अधिक से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को ‘कुपोषण मुक्त आंगनबाड़ी’ के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। राजस्व प्रकरणों की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि संयुक्त खाता विभाजन एवं फौती नामांतरण के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए, ताकि पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि समय पर मिल सके। विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि इस मौसम में विद्युत अवरोध की स्थिति उत्पन्न होने पर उसका जल्द से जल्द समाधान करने का प्रयास किया जाए। साथ ही ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना’ का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर योजना का लाभ जिले के अधिकतम नागरिकों तक पहुंचाया जाए। बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित समस्त विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।