रायपुर। राजधानी रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ हुई मोबाइल लूट की घटना अब राजनीतिक रंग पकड़ती नजर आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार और कानून व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा डायल 112 वाहनों को हरी झंडी दिखाने की तस्वीर साझा करते हुए तंज कसा। उन्होंने लिखा कि सरकार “डायल 112” को फ्लैग ऑफ करती रह गई और उधर चोर धरमलाल कौशिक का मोबाइल छीनकर “9-2-11” हो गए।
उन्होंने कहा कि, जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं, उसी दौरान राजधानी में वरिष्ठ भाजपा नेता के साथ लूट की घटना होना सरकार के कथित सुशासन पर सवाल खड़ा करता है। पूर्व सीएम ने प्रदेश में बढ़ती चोरी, लूट, चाकूबाजी और हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि, जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने गृह विभाग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि, जिम्मेदार लोग “रीलबाजी और स्वागतबाजी” में व्यस्त हैं। बता दें कि, सोमवार सुबह धरमलाल कौशिक शंकर नगर इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
