जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में नेशनल हाइवे-30 पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। रायपुर से कोंटा की ओर जा रही ‘रॉयल ट्रेवल्स’ की एक तेज रफ्तार बस बालेंगा कोसा सेंटर के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस खौफनाक हादसे में बस में सवार एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक महिला की पहचान कवर्धा निवासी पद्मनी चंद्रवंशी के रूप में हुई है, जो दोरनापाल में शिक्षिका के पद पर पदस्थ थीं।
हादसे के बाद चीख-पुकार मचने पर स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी 15 घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से फौरन डिमरापाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद नेशनल हाइवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे हटाने के लिए पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से बस को सड़क से दूर किया और यातायात दोबारा बहाल कराया। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।
