चंडीगढ़। हरियाणा सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत आज सिरसा से श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष तीर्थयात्रा ट्रेन रवाना होने जा रही है। सिख धर्म के बेहद पवित्र और प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक, तख्त श्री हजूर साहिब (श्री नांदेड़ साहिब) की इस पावन यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह और आस्था का माहौल है। इस विशेष धार्मिक यात्रा की शुरुआत करने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज दोपहर 3 बजे सिरसा पहुंचेंगे और ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
सरकार की इस कल्याणकारी योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के बुजुर्गों और श्रद्धालुओं को देश के बड़े धार्मिक स्थलों की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से करवाना है। इस यात्रा को लेकर केवल सिरसा ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा से बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्टेशन पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे कार्यक्रम स्थल पर रौनक और भक्तिमयी माहौल बना हुआ है।
प्रशासन और रेलवे विभाग ने मिलकर इस सफर को आरामदायक बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रियों की सुरक्षा, खाने-पीने, रहने और स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सरकार इस योजना को केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि समाज में धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने वाले एक बड़े कदम के रूप में देख रही है। इससे पहले भी इस योजना के तहत कई सफल धार्मिक यात्राएं आयोजित की जा चुकी हैं।
