मोदी की अपील के बाद महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला: मंत्रियों-अफसरों के विदेश दौरे रद्द

Follow Us

नई दिल्ली।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन और विदेशी मुद्रा बचाने की अपील का असर अब राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के सभी तय विदेश दौरे रद्द करने का फैसला लिया है। सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने बुधवार को इस संबंध में अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर कई अहम निर्देश जारी किए। सरकारी सूत्रों के मुताबिक प्रशासनिक कार्यों, अध्ययन दौरे और अन्य सरकारी उद्देश्यों से प्रस्तावित सभी अंतरराष्ट्रीय यात्राओं पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। सरकार का कहना है कि, यह फैसला खर्चों में कटौती, ईंधन बचत और विदेशी मुद्रा पर दबाव कम करने के उद्देश्य से लिया गया है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के काफिलों में वाहनों की संख्या तत्काल प्रभाव से आधी करने के निर्देश भी दिए हैं। बाहरी दौरों के दौरान अतिरिक्त वाहनों के उपयोग पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी संबंधित पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। सरकार ने अधिकारियों और मंत्रियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठकें करने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो जैसी सुविधाओं के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही गई है। इसी कड़ी में महाराष्ट्र विधानसभा के विधायकों का जापान अध्ययन दौरा भी रद्द कर दिया गया है। सरकार का मानना है कि, इस तरह के कदम आर्थिक अनुशासन और संसाधनों की बचत के लिए जरूरी हैं।