रायपुर। आईपीएल 2026 के महामुकाबले की सरगर्मी के बीच बीसीसीआई (BCCI) उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला रायपुर पहुँचे। शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में होने वाले RCB बनाम KKR मैच से पहले शुक्ला ने न केवल क्रिकेट पर बात की, बल्कि भाजपा के आरोपों पर जमकर ‘बल्लेबाजी’ करते हुए तीखे राजनीतिक प्रहार भी किए। रायपुर पहुँचने पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि, खेल के मैदान में राजनीति का कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
राजीव शुक्ला ने छत्तीसगढ़ में क्रिकेट के विस्तार पर खुशी जताते हुए कहा कि, उनके आईपीएल चेयरमैन रहने के दौरान भी यहाँ मैच हुए थे और अब RCB ने रायपुर को अपना दूसरा घर बनाया है, जो यहाँ की खेल प्रतिभाओं के लिए सुनहरा मौका है। भाजपा नेताओं के उस तंज पर, जिसमें उनके दौरों को केवल ‘मैच तक सीमित’ बताया गया था, शुक्ला ने पलटवार करते हुए कहा, “मैं छत्तीसगढ़ आता रहता हूँ। यहाँ क्रिकेट लाना मेरी प्राथमिकता थी, लेकिन भाजपा हर चीज़ में राजनीति और आलोचना ढूंढ लेती है। जनता उन्हें एक दिन ऐसा सबक सिखाएगी कि, उन्हें पता भी नहीं चलेगा।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पुरानी अपील पर सवाल उठाए जाने पर भी शुक्ला ने बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने भाजपा नेताओं के तामझाम पर निशाना साधते हुए कहा कि. जो दूसरों को उपदेश देते हैं, उन्हें पहले खुद उन पर अमल करना चाहिए। उन्होंने तंज कसा कि. भाजपा नेता खुद सैकड़ों गाड़ियों के काफिले में चलते हैं, ऐसे में कुछ गाड़ियों के कम होने से क्या फर्क पड़ेगा? उन्होंने यह भी जोड़ा कि. शादी-विवाह जैसे आयोजनों पर सवाल उठाना तर्कहीन है। क्रिकेट और सियासत के इस घालमेल ने मैच से पहले रायपुर का पारा गरमा दिया है।
