रायपुर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीरनारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज बैंगलोर और कोलकाता के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है, इसलिए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार रायपुर शहर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, धमतरी और जगदलपुर की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं। सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों- परसदा-कोसा पार्किंग, सेंध तालाब पार्किंग और सत्य साईं अस्पताल पार्किंग में ही वाहन खड़ा करना होगा।

पार्किंग स्थल से दर्शकों को पैदल स्टेडियम तक पहुंचना होगा। मैच के दौरान दोपहर 3 बजे से रात 1 बजे तक नया रायपुर के प्रमुख मार्गों पर भारी और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। यातायात पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्टेडियम में कई वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाया गया है। शराब, तंबाकू, माचिस, लाइटर, बैग, कैमरा, लेजर लाइट, धारदार वस्तुएं, पटाखे और खाद्य सामग्री अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस ने दर्शकों से समय से पहले पहुंचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि मैच के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
