13 साल बाद फिर आमने-सामने RCB और KKR: रायपुर में दिखेगा पुरानी राइवलरी का रोमांच

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम एक बार फिर आईपीएल के हाई-वोल्टेज मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है। बुधवार, 13 मई को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने दूसरे होम ग्राउंड पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से लोहा लेगी। रायपुर के फैंस के लिए यह मुकाबला इसलिए भी खास है क्योंकि कोलकाता की टीम पूरे 13 साल के लंबे इंतजार के बाद इस मैदान पर कदम रखने जा रही है। रविवार को मुंबई इंडियंस को धूल चटाने के बाद आरसीबी के हौसले बुलंद हैं, वहीं केकेआर अपनी पुरानी यादों को पीछे छोड़ नई शुरुआत करना चाहेगी।

इतिहास के पन्नों को पलटें तो केकेआर ने आखिरी बार 1 मई 2013 को यहाँ दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ मैच खेला था। उस समय टीम की कमान गौतम गंभीर के हाथों में थी और कोलकाता को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। दिलचस्प बात यह है कि 13 साल पहले टीम का नेतृत्व करने वाले गंभीर अब भारतीय टीम के हेड कोच बन चुके हैं, जबकि इस बार केकेआर की कमान अनुभवी अजिंक्य रहाणे संभाल रहे हैं। समय के साथ टीम पूरी तरह बदल चुकी है, लेकिन एक चेहरा आज भी वैसा ही चमक रहा है।

मौजूदा स्क्वाड की तुलना करें तो मिस्ट्री स्पिनर सुनील नरेन एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जो 2013 के उस ऐतिहासिक मैच का हिस्सा थे और कल फिर इसी मैदान पर एक्शन में नजर आएंगे। 13 साल पहले जैक कैलिस, ब्रेट ली और यूसुफ पठान जैसे दिग्गजों से सजी केकेआर अब रिंकू सिंह और कैमरुन ग्रीन जैसे युवा सितारों के दम पर हुंकार भर रही है। रायपुर में क्रिकेट का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है और फैंस यह देखने को बेताब हैं कि क्या नरेन का अनुभव इस बार कोलकाता की किस्मत बदलेगा या आरसीबी की जीत का रथ जारी रहेगा।