अबूझमाड़ के जंगल में सुरक्षाबलों की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक, 1 करोड़ कैश और AK-47 का जखीरा बरामद

Follow Us

नारायणपुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित अबूझमाड़ के घने जंगलों में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक हाथ लगी है। मंगलवार को जिला पुलिस, डीआरजी (DRG), आईटीबीपी (ITBP) और बीएसएफ (BSF) के एक संयुक्त ऑपरेशन में नक्सलियों के उस ‘गुप्त खजाने’ और हथियार डिपो का पर्दाफाश किया गया है, जिसे उन्होंने जमीन के नीचे डंप कर रखा था। इस कार्रवाई में चौंकाने वाली बात यह है कि, मौके से 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं, जो नक्सलियों के आर्थिक नेटवर्क पर एक बड़ी चोट है।

तलाशी अभियान के दौरान केवल पैसा ही नहीं, बल्कि अत्याधुनिक हथियारों का एक पूरा जखीरा मिला है। बरामद सामग्रियों में AK-47, SLR, इंसास और 303 राइफलें शामिल हैं। इसके अलावा, भारी मात्रा में विस्फोटक, देशी बीजीएल रॉकेट लॉन्चर, 132 बीजीएल सेल, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और कॉर्डेक्स वायर भी जब्त किए गए हैं। संचार के लिए इस्तेमाल होने वाले मोटोरोला सेट, वॉकी-टॉकी और नक्सलियों की वर्दी भी सुरक्षाबलों के हाथ लगी है। यह डंप अबूझमाड़ के उस इलाके में मिला है जिसे कभी नक्सलियों का सुरक्षित किला माना जाता था।

नारायणपुर एसपी रोबिनसन गुड़िया के अनुसार, साल 2025-26 में अब तक कुल 270 हथियार बरामद किए जा चुके हैं। सुरक्षाबलों की इस आक्रामक रणनीति ने नक्सली संगठन की कमर तोड़ दी है। इतनी बड़ी मात्रा में कैश और गोला-बारूद का मिलना इस बात का प्रमाण है कि, इलाके में अब नक्सलियों का आधार खत्म हो रहा है और शांति एवं विकास की प्रक्रिया तेजी से जड़ें जमा रही है। बरामद सामग्री की सूची इतनी लंबी है कि इसे सुरक्षाबलों की साल की सबसे बड़ी रिकवरी माना जा रहा है।