चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में दलबदल का दौर जारी है, जहाँ इस बार भाजपा को एक बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है। फाजिल्का के कद्दावर भाजपा नेता अनिल कुमार सेठी ने भगवा चोला उतारकर आम आदमी पार्टी (AAP) का दामन थाम लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाकर औपचारिक स्वागत किया। सेठी का ‘आप’ में आना सीमावर्ती क्षेत्र फाजिल्का में भाजपा के लिए एक बड़ी सेंध माना जा रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि, प्रदेश के लोग ‘आप’ की नीतियों और विकासवादी सोच पर लगातार भरोसा जता रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि, पार्टी समाज के हर वर्ग की तरक्की के लिए प्रतिबद्ध है और पूरे राज्य में अपना आधार तेजी से मजबूत कर रही है। वहीं, अनिल कुमार सेठी ने कहा कि वह मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व और पार्टी की ईमानदार राजनीति से प्रभावित होकर यह कदम उठा रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि, केवल ‘आम आदमी पार्टी’ ही पंजाब के लोगों का वास्तविक भला कर सकती है।
उल्लेखनीय है कि, पंजाब की सियासत में यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब कुछ समय पहले ही सात सांसदों ने ‘आप’ छोड़कर भाजपा का रुख किया था, जिससे सियासी गलियारों में काफी हलचल मची थी। उस मामले की गूँज राष्ट्रपति भवन तक भी पहुँची थी। अब अनिल सेठी के रूप में भाजपा को पलटवार करते हुए ‘आप’ ने फाजिल्का में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। पार्टी ने सेठी को संगठन में उचित सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी देने का आश्वासन दिया है।
