टाटा ग्रुप के इस शेयर में आई बड़ी गिरावट, फिर भी JP Morgan क्यों हुआ बुलिश? जानिए पूरी वजह

Follow Us

नई दिल्ली। टाटा ग्रुप की दिग्गज ज्वेलरी कंपनी Titan Company के शेयरों में सोमवार को करीब 6 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। बावजूद इसके, विदेशी ब्रोकरेज फर्म JPMorgan Chase ने कंपनी को लेकर अपना नजरिया और ज्यादा सकारात्मक कर दिया है। मजबूत तिमाही नतीजों और लगातार बढ़ते कारोबार के चलते ब्रोकरेज ने शेयर की रेटिंग “न्यूट्रल” से बढ़ाकर “ओवरवेट” कर दी है। ब्रोकरेज रिपोर्ट के मुताबिक, सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर के करीब होने के बावजूद टाइटन की बिक्री पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है। कंपनी लगातार नए ग्राहकों को जोड़ रही है, जो उसके लिए सबसे बड़ी ताकत बनती जा रही है।

इसी भरोसे के साथ JP Morgan ने वर्ष 2027 के लिए टाइटन का टारगेट प्राइस 5,400 रुपये तय किया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 24 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी का ज्वेलरी कारोबार तेजी से विस्तार कर रहा है। पारंपरिक गोल्ड ज्वेलरी के साथ-साथ स्टडेड ज्वेलरी, प्रीमियम सेगमेंट, डिजिटल ज्वेलरी और लैब-ग्रोन डायमंड्स में भी कंपनी तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके अलावा वॉच और अन्य रिटेल बिजनेस भी ग्रोथ को मजबूत आधार दे रहे हैं। वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 35 प्रतिशत बढ़कर 1,179 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं तिमाही राजस्व में 46 प्रतिशत की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि मजबूत नतीजों के बावजूद बाजार में मुनाफावसूली के चलते शेयर दबाव में नजर आया।