रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक ज्वेलरी शॉप से करोड़ों रुपए के सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मामला खम्हारडीह पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वैलर्स को चोरों ने शनिवार और रविवार की दरमियानी रात निशाना बनाया। देर रात करीब 12:30 बजे अज्ञात बदमाश दुकान में घुसे और लाखों नहीं बल्कि करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए।
घटना का खुलासा सोमवार सुबह तब हुआ, जब दुकान संचालक रोज की तरह शॉप पहुंचा। दुकान के अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। भारी मात्रा में जेवर गायब मिले, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि, चोरी की वारदात को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया गया है। इस घटना के बाद रायपुर के सराफा कारोबारियों में डर और नाराजगी का माहौल है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
