आईपीएल का रोमांच रायपुर में हाई: RCB vs KKR मुकाबले के लिए आएंगे शाहरुख खान, फैंस में जबरदस्त उत्साह

Follow Us

रायपुर। आईपीएल 2026 का रोमांच अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी चरम पर पहुंच चुका है। 13 मई को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगे। इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस मुकाबले की सबसे बड़ी खासियत बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान का रायपुर दौरा माना जा रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स के सह-मालिक शाहरुख खान टीम का हौसला बढ़ाने के लिए स्टेडियम में मौजूद रह सकते हैं।

माना जा रहा है कि, यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा, जिसे लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं। बताया जा रहा है कि, अपनी फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग में व्यस्त होने के बावजूद शाहरुख इस मुकाबले के लिए समय निकाल रहे हैं। इससे पहले भी वे कई अहम आईपीएल मैचों में टीम का समर्थन करते नजर आ चुके हैं। मैच को और खास बनाने के लिए जय शाह और राजीव शुक्ला के भी रायपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। गौरतलब है कि, इसी मैदान पर खेले गए पिछले मुकाबले में RCB ने मुंबई इंडियंस को रोमांचक मैच में हराकर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर दिया था। अब रायपुर में होने वाला RCB और KKR का मुकाबला आईपीएल के सबसे चर्चित मैचों में शामिल हो गया है।