रायपुर। मध्य-पूर्व में बढ़ते युद्ध और वैश्विक आर्थिक संकट के बीच पीएम नरेंद्र मोदी की अपील पर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय का बड़ा बयान सामने आया है। सीएम साय ने कहा कि, मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री की सलाह देशहित में है और लोगों को ईंधन व सोने की खपत कम करने पर ध्यान देना चाहिए। रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि, पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है, जिसका असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि, भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाए रखने के लिए विदेशी मुद्रा की बचत जरूरी है।
इसी वजह से प्रधानमंत्री ने लोगों से पेट्रोल-डीजल का सीमित उपयोग करने और अनावश्यक सोना खरीदने से बचने की अपील की है।
दरअसल, तेलंगाना में आयोजित एक जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि, दुनिया इस समय आर्थिक और सप्लाई चेन संकट से गुजर रही है। मिडिल ईस्ट तनाव और रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर दबाव बढ़ा है, जिसका असर भारत पर भी पड़ सकता है। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के बयान पर निशाना साधते हुए इसे सरकार की विफलता बताया। इस पर सीएम साय ने पलटवार करते हुए कहा कि, आलोचना करने के बजाय विपक्ष को ऐसे समय में समाधान भी बताना चाहिए।
