पीएम मोदी के कार्यक्रम स्थल के पास मिले विस्फोटक, पुलिस अलर्ट

Follow Us

बेंगलुरु। बेंगलुरु में पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कार्यक्रम स्थल से महज 3 किलोमीटर दूर फुटपाथ पर जिलेटिन की दो स्टिक लावारिस हालत में बरामद हुईं। जिलेटिन की छड़ों का इस्तेमाल विस्फोटक बनाने में किया जाता है, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके को सील कर दिया। यह बरामदगी पीएम मोदी के पहुंचने से कुछ समय पहले नियमित सुरक्षा जांच के दौरान हुई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, शुरुआती जांच में अब तक उस व्यक्ति का घटना से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है। जिस वक्त ये विस्फोटक सामग्री मिली, पीएम मोदी बेंगलुरु में ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ की 45वीं वर्षगांठ और रविशंकर के 70वें जन्मदिन समारोह में शामिल होने वाले थे। सुरक्षा में इस बड़ी चूक की संभावना ने प्रशासनिक अमले की नींद उड़ा दी है।

गौरतलब है कि, भारत में जिलेटिन स्टिक का भंडारण और उपयोग केवल लाइसेंस धारकों द्वारा ही किया जा सकता है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ये विस्फोटक वहां कैसे पहुंचे और इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका तो नहीं है। फिलहाल, कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया गया है।