रायपुर। राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास घेराव के दौरान हुए प्रदर्शन ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं द्वारा निकाले गए इस आंदोलन के बाद अब सिटी कोतवाली थाने में अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि, प्रदर्शन के दौरान शासकीय कार्य में बाधा डाली गई और पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया।
बुधवार को राजधानी रायपुर में NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता बूढ़ापारा से रैली निकालकर मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़े। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने उसे तोड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई और हालात बिगड़ते चले गए। आरोप है कि, कुछ प्रदर्शनकारियों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया, जिसमें लगभग 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में मोहन ध्रुव, रमेश कुडियाम, सोमा मडकाम, अनिल भारती समेत अन्य जवान शामिल हैं।

इस पूरे मामले में शासकीय कार्य में बाधा, शासकीय कर्मचारियों पर हमला और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्यक्रम में NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ समेत कांग्रेस के कई नेता और प्रदेशभर से आए कार्यकर्ता मौजूद रहे थे। फिलहाल रायपुर में स्थिति शांत है, लेकिन राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है।
