रायपुर। आज मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 के बड़े मुकाबले से पहले रायपुर पहुंच गई है, जहां 10 मई को उसका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। टीम के एयरपोर्ट पहुंचते ही फैंस का सैलाब उमड़ पड़ा और माहौल पूरी तरह क्रिकेटमय हो गया। कप्तान हार्दिक पांड्या और स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा समेत पूरी टीम का जोरदार स्वागत किया गया। फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए घंटों एयरपोर्ट पर मौजूद रहे और जमकर नारेबाजी की। इस बार मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसे आरसीबी ने अपने दूसरे होम ग्राउंड के रूप में चुना है।

यह पहली बार है जब रायपुर आईपीएल के दो बड़े मुकाबलों की मेजबानी कर रहा है। 10 मई को मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच हाई-वोल्टेज मैच होगा, जबकि 13 मई को आरसीबी का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग तेजी से चल रही है और कीमत ₹2,500 से शुरू होकर ₹8,000 तक पहुंच रही है। सरकार ने इस आयोजन को खास बनाते हुए 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों को मुफ्त में मैच दिखाने का फैसला लिया है। सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रवेश के लिए QR कोड आधारित डिजिटल टिकट सिस्टम लागू किया गया है। रायपुर में क्रिकेट का यह उत्साह पूरे शहर को उत्सव के माहौल में बदल चुका है।


