भारत में डिजिटल क्रांति: अब पूरे देश में एक ही पासवर्ड से मिलेगा पब्लिक डब्लूआई -एफआईं

Follow Us

नई दिल्ली। भारत में पब्लिक इंटरनेट एक्सेस को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सरकार अब एक ऐसा नया पब्लिक Wi-Fi सिस्टम तैयार कर रही है, जिसमें पूरे देश में यूजर्स को लॉगिन के लिए केवल एक ही OTP या पासवर्ड की जरूरत होगी। यह सिस्टम मौजूदा PM-WANI योजना की कमियों को दूर करने के लिए लाया जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत देशभर में करीब 4 लाख पब्लिक हॉटस्पॉट तैयार किए जाएंगे, जहां लोग आसानी से इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकेंगे। अब हर अलग हॉटस्पॉट के लिए अलग लॉगिन प्रक्रिया या OTP की जरूरत नहीं होगी, जिससे यूजर अनुभव काफी आसान हो जाएगा।

टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने इस प्रस्ताव पर कंसल्टेशन पेपर जारी कर जनता से सुझाव मांगे हैं। इसमें सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए Wi-Fi Protected Access 3 जैसे आधुनिक स्टैंडर्ड अपनाने की बात कही गई है, जिससे डिजिटल पेमेंट और UPI ट्रांजेक्शन और सुरक्षित हो सकेंगे। सरकार इस मॉडल को आर्थिक रूप से भी सफल बनाना चाहती है, इसलिए इसमें विज्ञापन आधारित मॉडल, पेड सब्सक्रिप्शन और सब्सिडी जैसे विकल्प शामिल किए जा रहे हैं। साथ ही शहरों में हाई-स्पीड और ग्रामीण क्षेत्रों में कम लागत वाला कम्युनिटी Wi-Fi मॉडल लागू किया जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार यह पहल भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेगी और इंटरनेट की पहुंच को ज्यादा सुलभ व किफायती बनाएगी।