भाटापारा में भीषण आग: पाइप गोदाम जलकर खाक, इलाके में मचा हड़कंप

Follow Us

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बुधवार को एक बड़ा अग्निकांड सामने आया, जहां भाटापारा शहर के मंडी रोड स्थित एक पाइप गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग से उठता घना काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।

जानकारी के मुताबिक, यह गोदाम स्थानीय व्यवसायी अनिल साहू का बताया जा रहा है, जहां प्लास्टिक पाइप और बोरवेल से जुड़ा सामान बड़ी मात्रा में रखा हुआ था। अचानक आग लगने से गोदाम में रखा सामान तेजी से जलने लगा और नुकसान बढ़ता चला गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई।

कड़ी मशक्कत के बाद आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया, हालांकि पूरी तरह बुझाने का काम देर तक जारी रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक अंदेशा शॉर्ट सर्किट का लगाया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।