जालंधर में BSF पंजाब फ्रंटियर के गेट के पास स्कूटी में धमाका

Follow Us

जालंधर । पंजाब के जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के बाहर मंगलवार देर शाम जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि करीब एक किलोमीटर दूर तक इसकी गूंज सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका एक स्कूटी में हुआ और उसके परखच्चे उड़ गए।

बीएसएफ मुख्यालय के बाहर स्कूटी में हुआ ब्लास्ट 
सूत्रों के मुताबिक गुरप्रीत नाम का एक युवक बीएसएफ मुख्यालय के बाहर स्कूटी खड़ी कर अंदर पार्सल की डिलीवरी देने गया था कि पीछे से स्कूटी में धमाका हो गया। अचानक हुए धमाके से लोग सहम गए और कुछ देर तक स्थिति को समझ ही नहीं पाए। बीएसएफ के अधिकारी बाहर पहुंचे जिसके बाद स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

घटनास्थल को किया गया सील
फिलहाल इलाके को घेरकर सघन जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी लेकिन प्रारंभिक स्तर पर इसे गंभीर सुरक्षा चूक के रूप में देखा जा रहा है।

पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल 
इस घटना ने राज्य में हाल ही में हुई अन्य संदिग्ध वारदातों की याद ताजा कर दी है। बीते कुछ दिन पहले चंडीगढ़ में बीजेपी ऑफिस के बाहर ब्लास्ट हुआ था जिसने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया था। वहीं, हाल ही में पटियाला के शंभू रेलवे ट्रैक पर भी ब्लास्ट हुआ था जिसमें ब्लास्ट करने वाले एक शख्स की मौत हुई थी।  लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसियां अब इन सभी मामलों को जोड़कर देख रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इनके पीछे कोई संगठित नेटवर्क या बड़ी साजिश तो नहीं है।हालांकि अभी अधिकारी खुलकर नहीं बोल रहे हैं और फारेंसिक जांच का इंतजार कर रहे हैं।