बालोद/गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बालोद और राजिम में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। दोनों घटनाओं में युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना बालोद जिले के बेलौदी गांव की है, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार को कुचल दिया। यह हादसा गुण्डरदेही थाना क्षेत्र में हुआ और इसका CCTV वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि, बाइक सवार युवक ओवरटेक करने की कोशिश करता है और संतुलन बिगड़ने से ट्रक के नीचे आ जाता है। ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजर जाता है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो जाती है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। वहीं दूसरी घटना राजिम की है, जहां एक अज्ञात वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा पेट्रोल पंप के सामने देर रात हुआ, जिसमें युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। लगातार हो रहे ऐसे हादसे सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
