बर्ड फ्लू का कहर: 1.40 लाख मुर्गियों की बलि, 5 किमी तक हाई अलर्ट

Follow Us

मुंबई। महाराष्ट्र में बर्ड फ्लू के बढ़ते मामलों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। नंदुरबार जिले के नवापुर क्षेत्र में संक्रमण की पुष्टि के बाद बड़े पैमाने पर सख्त कदम उठाए गए हैं। प्रशासन ने करीब 1.40 लाख मुर्गियों को मारने का आदेश जारी किया है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। अधिकारियों के अनुसार, संक्रमित पोल्ट्री फार्म के आसपास 1 किलोमीटर के दायरे में आने वाली सभी मुर्गियों को भी खत्म किया जाएगा। इसके साथ ही 3 किलोमीटर का कंटेनमेंट जोन और 5 किलोमीटर का बफर जोन घोषित किया गया है, जहां निगरानी और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

विशेषज्ञों की टीम द्वारा वैज्ञानिक तरीके से मुर्गियों को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि, यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है, क्योंकि क्षेत्र में करीब 10 लाख से अधिक मुर्गियां हैं और संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट पर रखा गया है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही पोल्ट्री फार्म संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि, जिन किसानों को नुकसान होगा, उन्हें नियमों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। गौरतलब है कि, इस क्षेत्र में पहले भी बर्ड फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं।