कांग्रेस के बोरे-बासी दिवस पर सीएम साय का हमला, बोले- दिखावे की जरूरत नहीं

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस द्वारा मनाए जा रहे ‘बोरे-बासी दिवस’ को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस आयोजन पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि, प्रदेश में इस तरह के किसी विशेष दिवस को मनाने की कोई आवश्यकता ही नहीं है। उन्होंने तर्क दिया कि, छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति में बोरे-बासी रोजना के खान-पान का हिस्सा है और लोग इसे प्रतिदिन चाव से खाते हैं। मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि, ऐसे दिखावटी आयोजनों के माध्यम से विपक्षी दल खुद को दूसरों से बड़ा ‘छत्तीसगढ़िया’ साबित करने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं।

दूसरी ओर, प्रदेश में आज से साय सरकार के महत्वाकांक्षी ‘सुशासन तिहार’ का शंखनाद हो गया है। इस अभियान के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि, यह कार्यक्रम 10 जून तक पूरे प्रदेश में जोर-शोर से चलाया जाएगा। सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिनका मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान करना है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि, इन शिविरों में वे स्वयं और अन्य जनप्रतिनिधि प्रत्यक्ष रूप से शामिल होंगे ताकि शासन और जनता के बीच की दूरी को कम किया जा सके और विकास कार्यों को गति दी जा सके।