रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में आज बड़ा सियासी मंथन होने जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट शुक्रवार को राजधानी रायपुर में मैराथन बैठकों की श्रृंखला के जरिए संगठन और विधायकों के कामकाज की गहन समीक्षा करेंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी में हलचल तेज है। गुरुवार देर शाम रायपुर पहुंचे पायलट का माना विमानतल पर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया। इसके बाद आज सुबह 10 बजे वे राजीव भवन में कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक कर उनके प्रदर्शन और क्षेत्रीय गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
इसके बाद दोपहर 12 बजे जिला कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक होगी, जिसमें पिछले तीन महीनों के कामकाज का आकलन किया जाएगा। पायलट संगठन को आगामी राजनीतिक रणनीति और लक्ष्यों की जानकारी भी देंगे, ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत किया जा सके। दोपहर 2 बजे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक तय है, जिसमें बूथ और वार्ड स्तर की समितियों के गठन और संगठन विस्तार पर चर्चा होगी। साथ ही जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने के लिए नई रणनीतियों पर भी जोर दिया जाएगा। सचिन पायलट की यह मैराथन बैठकें कांग्रेस संगठन में अनुशासन, सक्रियता और प्रदर्शन सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
