रायपुर।नगर पालिक निगम के आयुक्त विश्वदीप ने नगर निगम मुख्यालय में स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2026 को लेकर रायपुर नगर निगम क्षेत्र में प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारियों, स्वच्छता निरीक्षकों और सफाई ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि अगले 15 दिन प्रतिदिन सफाई अमला फील्ड में उतरकर तालाबों, उद्यानों, नालियों की सतत मॉनिटरिंग करते हुए सफाई सुनिश्चित करे। कहीं भी कूड़े का ढेर नहीं दिखना चाहिए। नालियों की सफाई के बाद 24 घंटे के भीतर कचरा उठवाना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निदान 1100 एवं अन्य हेल्पलाइन पर आने वाली स्वच्छता संबंधी सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और त्वरित निदान किया जाए। अगले 15 दिनों में सभी सफाई कामगारों की फील्ड उपस्थिति 100% सुनिश्चित की जाएगी। निर्धारित संख्या से कम सफाई कामगार मिलने पर अनुबंध उल्लंघन की स्थिति में ठेकेदार का ठेका निरस्त कर उन्हें काली सूची में डाला जाएगा। आयुक्त ने कहा कि यदि सफाई व्यवस्था में कोई लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित जोन स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षक जिम्मेदार होंगे और उन पर नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा आयुक्त ने निर्देश दिए कि नगर निगम मुख्यालय और सभी 10 जोनों के स्वास्थ्य विभाग का पूरा स्वच्छता अमला फील्ड में उतरकर राजधानी रायपुर को स्वच्छ बनाए, सतत मॉनिटरिंग करे और वार्ड पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय करके स्वच्छता जनजागरण अभियान चलाए। सफाई व्यवस्था में कोई कोताही सहन नहीं की जाएगी।
रायपुर में कहीं भी कूड़े के ढेर नहीं दिखने चाहिए, निगम आयुक्त ने दी सख्त हिदायत
