बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार तेज होती नजर आ रही है। दुर्ग के बाद अब बिलासपुर में भी ED ने दबिश दी है। शहर के प्रमुख सराफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर और प्रतिष्ठान पर टीम सुबह से जांच में जुटी हुई है। आपको बता दें,मध्यनगरी चौक स्थित “श्रीराम ज्वेलर्स” में भी अधिकारियों ने दस्तावेजों की पड़ताल शुरू की है। वित्तीय लेनदेन और कारोबारी गतिविधियों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई का संबंध कथित शराब घोटाले से जुड़े नेटवर्क से भी जोड़ा जा रहा है। विवेक अग्रवाल के भाई विकास अग्रवाल का नाम पहले सामने आ चुका है, जिसे घोटाले के मुख्य आरोपियों के करीबी के रूप में देखा जा रहा है। वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है। इधर, इसी दिन ED की एक अन्य टीम ने दुर्ग में भाजपा नेता चतुर्भुज राठी के ठिकानों पर भी छापेमारी की है। वहां भारतमाला परियोजना से जुड़े मामले में जांच चल रही है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से प्रदेश में कारोबारी और राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। ED की टीमें दोनों मामलों में साक्ष्य जुटाने और नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी हैं।
