बलौदाबाजार। बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में बढ़ते ग्रीष्मकालीन तापमान और प्राकृतिक जल स्रोतों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए जल प्रबंधन के क्षेत्र में प्रभावी और जमीनी स्तर पर आधारित पहल की गई है। वन्यजीवों के लिए लगातार पानी उपलब्ध रहे, इसे प्राथमिकता में रखते हुए अभ्यारण्य में एक समन्वित और व्यावहारिक प्रणाली विकसित की गई है, जिसमें मानचित्रण, निगरानी, गुणवत्ता परीक्षण और आवश्यकता अनुसार प्रयास शामिल हैं। अभयारण्य क्षेत्र में जल स्रोतों का विस्तृत मानचित्रण किया गया है ताकि पूरे क्षेत्र में पानी की उपलब्धता का स्पष्ट डेटा मिल सके। सम्पूर्ण अभयारण्य में वन्यजीवों के जल आपूर्ति के लिए तालाब, स्टॉप डैम, वॉटरहोल और सॉसर सहित लगभग 240 से अधिक जल स्रोतों को चिन्हित कर उनकी निगरानी की जा रही है। प्रत्येक 15 दिनों में इन जल स्रोतों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है और यह सुनिश्चित किया गया है कि प्रत्येक 5 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में पानी उपलब्ध रहे। वन्यप्राणियों के लिए पानी की उपलब्धता के साथ-साथ गुणवत्तायुक्त पानी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पीएच और टीडीएस जैसे मानकों का परीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पानी वन्यजीवों के लिए सुरक्षित और उपयुक्त हो। प्रत्येक जल स्रोत का जियो-टैगिंग और समय आधारित डेटा संकलन किया जा रहा है, जिससे निगरानी प्रणाली और अधिक सटीक और जवाबदेह बन रही है। जहां प्राकृतिक जल स्रोतों में कमी पाई गई, वहां टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाकर स्थिति को संतुलित किया गया। लगभग 25-30 महत्वपूर्ण स्थानों की पहचान कर वहां नियमित रूप से पानी की आपूर्ति की गई, जिससे गर्मी के समय में भी वन्यजीवों को कोई परेशानी न हो। वन्यजीवों के समग्र स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अभयारण्य में विभिन्न स्थानों पर साल्ट लिक भी बनाए गए हैं। जल स्रोतों के पास इन्हें स्थापित करने से वन्यजीवों को एक ही स्थान पर पानी और आवश्यक मिनरल्स दोनों मिल रहे हैं। वनमंडलाधिकारी बलौदाबाजार, धम्मशील गणवीर ने कहा कि अभयारण्य में विकसित यह प्रणाली लगातार निगरानी और समय पर आवश्यक उपायों पर काम कर रही है। यह पहल न केवल वर्तमान में वन्यजीवों के लिए राहत प्रदान कर रही है, बल्कि भविष्य में भी जल प्रबंधन के प्रभावी मॉडल के रूप में सामने आ रही है।
बारनवापारा अभयारण्य में पानी और आवास प्रबंधन का मिसाल
