शादी समारोह जा रहे युवक की जली हुई लाश मिली, बालोद और बिलासपुर में भी मिली शवों की घटनाएँ

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के तीन अलग-अलग जिलों में दर्दनाक मौत की खबर सामने आई है। जांजगीर चांपा में एक युवक की जली हुई लाश मिली, बालोद में नहाने गई बच्ची का शव बरामद हुआ, वहीं बिलासपुर में एक युवक की लाश पेड़ पर लटकी मिली। जांजगीर चांपा में चार दिन से लापता युवक का शव खेत में जली हुई हालत में मिला। जानकारी के अनुसार, युवक 25 अप्रैल को पंतोरा में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था और उसके बाद से लापता था। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा। पंतोरा उपथाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बालोद जिले के तांदूला नहर में बह रही बच्ची का शव बरामद किया गया। बच्ची अपने पिता के साथ नहाने गई थी, तभी दोनों तेज बहाव में बह गए थे। रेस्क्यू टीम ने पहले पिता का शव बरामद किया था, अब बच्ची का शव भी मिला है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र के चोरभट्ठी में एक युवक की लाश पेड़ पर लटकी मिली। मृतक की पहचान चोरभट्ठी कला निवासी सतीश यादव के रूप में हुई। बताया गया कि युवक घर से मामा के गांव जाने की बात कहकर निकला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आत्महत्या की आशंका जताई और मामले की जांच शुरू कर दी है।