अजब-गजब: XUV 700 पर बिना हेलमेट का चालान! एक नंबर से निकले दो वाहन, आरटीओ सिस्टम पर सवाल

Follow Us

डोंगरगढ़। सोचिए, आप कार चला रहे हों और आपके मोबाइल पर बिना हेलमेट गाड़ी चलाने का चालान पहुंच जाए। ऐसा ही हैरान करने वाला मामला राजनांदगांव के अमित गौतम के साथ हुआ, जब उनकी XUV 700 पर दोपहिया वाहन से जुड़ा ई-चालान जारी कर दिया गया। मामला सामने आते ही RTO और ई-चालान सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

जांच में खुलासा हुआ कि, CG 04 QM 9295 नंबर एक नहीं, बल्कि दो अलग-अलग वाहनों—एक बाइक और एक SUV—पर दर्ज है। इसी गड़बड़ी के कारण बाइक की ट्रैफिक गलती का चालान कार मालिक के नाम जारी हो गया। अमित गौतम पहले नोटिस देखकर चौंक गए, लेकिन जांच के बाद तकनीकी चूक की सच्चाई सामने आई। इस घटना ने RTO के डेटा प्रबंधन, वाहन पंजीयन और ANPR आधारित ई-चालान सिस्टम की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक ही नंबर दो वाहनों को कैसे आवंटित हुआ, इसे लेकर विभाग की सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि, समय रहते सच्चाई सामने नहीं आती तो उन्हें बेवजह जुर्माना भरना पड़ता। अब वे इस मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से करने की तैयारी में हैं। जरूरत इस बात की है कि ऐसे मामलों की जांच कर सिस्टम में सुधार किया जाए, ताकि तकनीकी खामियों का खामियाजा आम नागरिकों को न भुगतना पड़े।