रायगढ़। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने हत्या के गंभीर मामलों की जांच की गुणवत्ता बढ़ाने और न्यायालय में सजा की दर बढ़ाने के उद्देश्य से रेंज स्तर के पुलिस अधिकारियों के लिए आज विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया। आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि पुलिस का मुख्य लक्ष्य केवल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर उसे न्याय दिलाना है। प्रशिक्षण में पुलिस अधिकारियों को नए दिशा-निर्देशों और कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। इसमें घटनास्थल पर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन, डिजिटल और साइबर फॉरेंसिक, डीएनए विश्लेषण, और पोस्टमार्टम प्रक्रिया शामिल हैं। अधिकारियों को यह भी बताया गया कि हर जांच में एक निर्धारित चेकलिस्ट का पालन अनिवार्य होगा, जिससे विवेचना में त्रुटि कम से कम हो। आईजी ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण सत्र अब नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि पुलिस अधिकारी नवीनतम अनुसंधान तकनीकों से खुद को अपडेट कर सकें और सभी मामलों की जांच पारदर्शी और पेशेवर ढंग से हो। प्रशिक्षण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली और रेंज के सभी जिलों के ASP से लेकर उपनिरीक्षक तक के अधिकारी शामिल हुए। यह सत्र वर्चुअल मोड में आयोजित किया गया।
बिलासपुर रेंज में हत्या मामलों के अनुसंधान पर पुलिस प्रशिक्षण
