शादी में डीजे डांस बना मौत की वजह, चाकूबाजी में युवक की हत्या, नाबालिग समेत 2 गिरफ्तार

Follow Us

डोंगरगढ़। शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब डीजे पर डांस के दौरान शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। पुरानी रंजिश के चलते हुए चाकू हमले में 20 वर्षीय योमिश सिन्हा की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, 26 अप्रैल की रात ग्राम रामाटोला में बारात के दौरान डीजे में नाचते समय कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और धक्का-मुक्की के बीच एक नाबालिग ने अपने साथी कृपाला वर्मा से मिले धारदार हथियार से योमिश पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की जान चली गई।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग और 25 वर्षीय कृपाला वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 109 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य वजह रही। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।