हॉस्टल में NEET छात्र का खौफनाक कदम, सपनों के बीच जिंदगी खत्म, जांच में जुटी पुलिस

Follow Us

पटना। राजधानी पटना के एसके पुरी थाना क्षेत्र स्थित नालंदा रेजीडेंसी हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी श्रेयम के रूप में हुई है, जो पिछले दो वर्षों से फ्लैट नंबर 303 में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, छात्र ने सोडियम एजाइड नामक जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। कमरे से एक सुसाइड नोट और जहर का डिब्बा भी बरामद हुआ है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। घटना के समय उसका रूममेट घर गया हुआ था, जिससे कमरे में वह अकेला था।

स्थानीय छात्रों का कहना है कि, श्रेयम पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में दिखाई दे रहा था। वह सामान्य रूप से बातचीत करता था, लेकिन हाल के दिनों में वह काफी शांत और अकेला रहने लगा था। बीती रात भी उसके कमरे से देर तक फोन पर बातचीत की आवाजें सुनी गई थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां मां ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि, छात्र ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। फॉरेंसिक टीम भी मौके से जुटाए गए साक्ष्यों की जांच कर रही है।