पुतिन का ईरान को खुला समर्थन, बोले- हर संभव मदद करेंगे, बढ़ी अमेरिका-इजरायल की चिंता

Follow Us

मॉस्को। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची की मुलाकात ने वैश्विक कूटनीति में हलचल बढ़ा दी है। इस बैठक में पुतिन ने ईरान को खुला समर्थन देते हुए कहा कि, रूस हर संभव मदद के लिए तैयार है। जानकारी के मुताबिक, अराघची ने मॉस्को में पुतिन को क्षेत्रीय हालात और मौजूदा तनाव की ताजा जानकारी दी। बैठक के बाद रूस ने संकेत दिया कि, वह ईरान के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा। पुतिन ने ईरान की संप्रभुता और उसके रुख की सराहना करते हुए कहा कि, मौजूदा संकट में रूस उसके साथ खड़ा है।

इस मुलाकात को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि आमतौर पर विदेश मंत्री स्तर की बातचीत समकक्ष पदाधिकारियों के बीच होती है, लेकिन अराघची की सीधे पुतिन से मुलाकात रूस की प्राथमिकता को दर्शाती है। विश्लेषकों के मुताबिक यह संदेश अमेरिका और इजरायल दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। अराघची ने भी रूस की एकजुटता और कूटनीतिक समर्थन की सराहना की। उन्होंने कहा कि, मौजूदा हालात ने दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत किया है। विशेषज्ञ मानते हैं कि, इस मुलाकात से पश्चिम एशिया में शक्ति संतुलन पर असर पड़ सकता है। ऐसे समय में जब ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता ठहरी हुई है, रूस का यह रुख क्षेत्रीय समीकरणों को नया मोड़ दे सकता है। अब नजर इस बात पर है कि, इस बैठक के बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया क्या रहती है।