पत्नी की बेवफाई से टूटे पति ने प्रेमी के घर के सामने दी जान, इलाके में सनसनी

Follow Us

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी की बेवफाई और रिश्ते में आई दरार से आहत होकर एक पति ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 42 वर्षीय परमानंद यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ग्राम किलेपार (रनचिरई) निवासी परमानंद यादव की पत्नी अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद वह लगातार तीन दिनों तक पत्नी को समझाने और वापस लाने की कोशिश करता रहा, लेकिन पत्नी ने लौटने से इनकार कर दिया।

बताया जा रहा है कि, पत्नी के इस फैसले से आहत होकर परमानंद यादव सीधे उसके प्रेमी के गांव चौरेल (अर्जुन्दा) पहुंचा। वहां उसने प्रेमी के घर के सामने ही फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, पारिवारिक विवाद और पत्नी के घर छोड़कर जाने से वह मानसिक रूप से काफी परेशान था। पुलिस ने बताया कि, दोनों पक्षों के बयान अभी दर्ज किए जाने हैं और पूरी जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और गांव में मातम का माहौल है।