रायगढ़। जिले में अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी पर पुलिस ने कड़ा प्रहार करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एडिशनल एसपी अनिल सोनी और डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में साइबर थाना, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ लिया। “ऑपरेशन अंकुश” के तहत आरोपियों से 7 मोबाइल फोन, 15,490 रुपये नकद और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े साक्ष्य जब्त किए गए। पहली गिरफ्तारी नयागंज कोष्टापारा में सोनू देवांगन (21) की हुई, जो आईपीएल मैचों पर हार-जीत का ऑनलाइन सट्टा चला रहा था। इसी प्रकार हर्षित देवांगन (24) और भरत गोयल (22) को भी मैच पर दांव लगाने के दौरान दबोच लिया गया। घरघोड़ा क्षेत्र में पुलिस ने गौतम भोजवानी, लक्ष्मीनारायण सिदार और सागर गुप्ता को पकड़ कर उनके कब्जे से चार मोबाइल और 15,490 रुपये जब्त किए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4, 7 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपियों ने सट्टा संचालन की जानकारी दी, जबकि पुलिस अब सट्टा खाईवाल और अन्य नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान में जुटी है।
छत्तीसगढ़ पुलिस ने चलाया “ऑपरेशन अंकुश”, ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी में लिप्त 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार
