बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब बारातियों से भरी एक बस अचानक चलते-चलते आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि, बस में सवार सभी लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। जानकारी के मुताबिक शर्मा ट्रेवल्स की बस कांकेर जिले के अरौद गांव से बारातियों को लेकर बालोद के बड़गांव जा रही थी। इसी दौरान पुरुर थाना क्षेत्र के जगतरा मंदिर के पास बस में अचानक आग लग गई। पहले धुआं उठता दिखा और कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के दौरान बस में मौजूद बारातियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोगों ने तत्काल बस से उतरकर खुद को सुरक्षित किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अगर थोड़ी भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। शादी के माहौल में अचानक हुए इस हादसे ने लोगों को दहला दिया और इलाके में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
