‘मन की बात’ में नरेंद्र मोदी ने गिनाए ‘सिविल न्यूक्लियर प्रोग्राम’ के फायदे, बोले—राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका

Follow Us

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए भारत के ‘सिविल न्यूक्लियर प्रोग्राम’ की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने हमेशा विज्ञान को प्रगति से जोड़ा है और इसी सोच के साथ वैज्ञानिक इस क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रोग्राम से ऊर्जा, उद्योग, स्वास्थ्य और कृषि जैसे कई क्षेत्रों को लाभ मिल रहा है, जिससे देश की तरक्की को नई गति मिली है। उन्होंने हाल ही में मिली एक बड़ी उपलब्धि का जिक्र करते हुए बताया कि कलपक्कम में फास्ट ब्रीडर रिएक्टर ने ‘क्रिटिकैलिटी’ हासिल कर ली है, जो परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। यह वह चरण होता है, जब रिएक्टर पहली बार सफल नाभिकीय श्रृंखला अभिक्रिया में प्रवेश करता है और संचालन के लिए तैयार हो जाता है। प्रधानमंत्री ने ब्रीडर रिएक्टर की विशेषता बताते हुए कहा कि यह केवल ऊर्जा उत्पादन ही नहीं करता, बल्कि भविष्य के लिए नया ईंधन भी तैयार करता है। उन्होंने मार्च 2024 के उस क्षण को भी याद किया, जब वे खुद कलपक्कम में रिएक्टर की कोर लोडिंग के साक्षी बने थे। अंत में, नरेंद्र मोदी ने देश के वैज्ञानिकों और इस क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की।