सिनेमाई तरीके से बैंक लूट, बदमाश 10 मिनट में लेकर भागे 7 करोड़ रुपये का सोना

Follow Us

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में बैंक डकैती की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बरही थाना क्षेत्र में हजारीबाग रोड स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में चार नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ घुसे और बड़ी लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने महज 10 मिनट के भीतर करीब 7 करोड़ रुपये का सोना और लगभग 5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया कि यह वारदात पहले से योजनाबद्ध थी। दो बदमाश पहले बैंक में ग्राहक बनकर आए और करंट अकाउंट खुलवाने का बहाना किया। थोड़ी देर बाद उनके दो साथी भी बैंक में दाखिल हुए। इसके बाद चारों ने अचानक हथियार निकालकर कर्मचारियों और ग्राहकों को डराना शुरू किया। बदमाशों ने बैंक में मौजूद सभी को एक जगह इकट्ठा किया और विरोध करने पर गंभीर परिणाम की धमकी दी। इस दौरान बैंक मैनेजर के साथ मारपीट भी की गई, ताकि पूरे स्टाफ में भय पैदा हो। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह पूरी वारदात 10 मिनट में पूरी हो गई। लुटेरे बैंक में मौजूद गोल्ड लोन, लॉकर का सोना और कैश काउंटर की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी। बैंक के अंदर मौजूद CCTV फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का मानना है कि यह किसी संगठित गिरोह की योजना थी, जिसने पहले से बैंक की रेकी कर रखी थी। बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि चारों डकैतों ने वारदात को अंजाम दिया और क्षेत्र में सघन नाकेबंदी की जा रही है। इस घटना में 7 करोड़ रुपये का सोना और 5 लाख रुपये नकद लूटे गए। हजारीबाग के SP अमन कुमार ने कहा कि पड़ोसी राज्यों में भी पुलिस रेड कर रही है और जल्द ही गिरफ्तारियां होने की संभावना है।