सरसों की फसल काटकर कब्जे की कोशिश, विरोध करने पर मजदूरों से मारपीट

Follow Us

सोनभद्र। जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कुसुम्हा गांव में जमीन और फसल को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने एक किसान की खड़ी सरसों की फसल को जबरन काट लिया और कब्जा करने की कोशिश की, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया। पीड़ित किसान राजेश कुमार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पास करीब 15 बीघा पुश्तैनी जमीन है, जिस पर वे लंबे समय से खेती कर रहे हैं। इस बार उनकी सरसों की फसल पूरी तरह तैयार थी, लेकिन 25 मार्च को गांव के ही कुछ लोगों ने मिलकर फसल काट ली, जिसकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। आरोप है कि 2 अप्रैल को आरोपी दोबारा मशीन लेकर खेत पर पहुंचे और बची हुई फसल काटने लगे। मौके पर मौजूद मजदूरों ने जब इसका विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। मजदूरों को धमकाया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।