तहसीलदार के चालक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Follow Us

कोरबा। बालको क्षेत्र के लालघाट में बुधवार शाम एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान उत्तरा कुमार कश्यप के रूप में हुई है, जो जिले के एक तहसीलदार का चालक था और पिछले 24 घंटे से लापता था। सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस की बालको पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार, परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके। परिजनों ने बताया कि उत्तरा कुमार कश्यप मंगलवार सुबह रोज की तरह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई, जो शव मिलने के साथ खत्म हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक को नशे की लत थी। पुलिस को आशंका है कि अधिक नशे के कारण उसकी मौत हुई हो सकती है, हालांकि अन्य सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं युवक की मौत नदी में गिरने से तो नहीं हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। मृतक के घर से निकलने के बाद उसकी गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।