ममता बनर्जी का बड़ा दावा: BJP पर तीखा हमला, बंगाल के बाद दिल्ली की बारी

Follow Us

पश्चिम बंगाल के चुनावी दंगल में सियासी पारा अपने चरम पर पहुँच गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोलते हुए साफ कर दिया है कि, उनकी नजरें अब सिर्फ कोलकाता के ‘नबन्ना’ पर नहीं, बल्कि दिल्ली के ‘सिंहासन’ पर हैं। शुक्रवार को एक जनसभा में गरजते हुए ममता बनर्जी ने कहा, “याद रखिए, आप हमें हरा नहीं सकते। मेरा जन्म बंगाल में हुआ है और मैं बंगाल में ही मरूंगी, लेकिन बंगाल जीतने के बाद मैं दिल्ली पर कब्जा कर लूंगी।” मुख्यमंत्री ने कड़े लहजे में कहा कि, उन्हें सत्ता का मोह नहीं है, बल्कि वह केंद्र से भाजपा का पूरी तरह सफाया होते देखना चाहती हैं।

ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि, भाजपा ने अधिकारियों की नियुक्तियों में पक्षपात किया है और उनके खिलाफ काम करने वालों की लिस्ट तैयार है। ममता ने दो टूक कहा कि, बंगाल की धरती अन्याय के खिलाफ लड़ना जानती है और इस बार मुकाबला आर-पार का है।

दूसरी ओर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में प्रेस वार्ता कर ममता के दावों को चुनौती दी। पहले चरण में हुए रिकॉर्ड 92.64 फीसदी मतदान के लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए शाह ने कहा कि, यह भारी वोटिंग ‘परिवर्तन’ की गूँज है। उन्होंने चुनाव के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने को एक बड़ी उपलब्धि बताया। बता दें कि, बंगाल में दूसरे चरण का मतदान 29 मई को होना है और 4 मई को आने वाले नतीजे यह तय करेंगे कि, दिल्ली की ओर बढ़ने का ममता का दावा कितना मजबूत है या अमित शाह का ‘परिवर्तन’ का संकल्प रंग लाएगा।