इजरायल का बड़ा ऐलान: ‘अमेरिका की मंजूरी मिलते ही तेहरान पर होगा बड़ा हमला’

Follow Us

पश्चिम एशिया में शांति की तमाम कोशिशों के बीच एक बार फिर भीषण युद्ध के काले बादल गहरा गए हैं। इस्राइल और ईरान के बीच तनाव अब उस मुहाने पर पहुँच गया है, जहाँ से वापसी का रास्ता केवल तबाही की ओर जाता है। इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज़ ने बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए एलान किया है कि, तेहरान पर बड़े सैन्य हमले की पूरी योजना तैयार है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि, आईडीएफ (IDF) ने ईरान के भीतर तमाम रणनीतिक ठिकानों और लक्ष्यों को चिन्हित कर लिया है, अब बस वॉशिंगटन से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ‘हां’ का इंतजार है। इस्राइल का दावा है कि यह हमला इतना घातक होगा कि ईरान की सत्ता की नींव तक हिल जाएगी।

इस्राइली रक्षा मंत्री ने ईरान पर आरोप लगाया कि, वह दुनिया को तेल की कीमतों के जरिए डराने की कोशिश कर रहा है और अपने ही नागरिकों पर जुल्म ढा रहा है। उनका दावा है कि, ईरान के नेता इस समय भारी दबाव में हैं और फैसले लेने में अक्षम साबित हो रहे हैं। दूसरी ओर, व्हाइट हाउस से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस पूरे विवाद पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। ट्रंप ने साफ किया कि, अमेरिका इस संघर्ष में परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के पक्ष में नहीं है और वह चाहते हैं कि दुनिया में कहीं भी एटमी हथियारों का प्रयोग न हो।

ट्रंप ने ईरान को घेरते हुए कहा कि, अमेरिका के पास तेल का प्रचुर भंडार है और वह रूस व सऊदी अरब से भी ज्यादा उत्पादन कर रहा है, इसलिए वैश्विक सप्लाई चेन में ईरान की दादागिरी नहीं चलेगी। अमेरिका फिलहाल कूटनीतिक दबाव के जरिए ईरान को समझौते की मेज पर लाने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, ईरान ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए खुद को एकजुट बताया है। अब पूरी दुनिया की नजरें अमेरिका के अगले कदम पर टिकी हैं-क्या ट्रंप इस्राइल को हमले की अनुमति देंगे या बातचीत का कोई नया रास्ता निकलेगा?