खून के रिश्तों पर भारी जमीन: वृद्धा हत्याकांड में 6 रिश्तेदार गिरफ्तार

Follow Us

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम सिधमा में जमीन के एक टुकड़े के लिए अपनों ने ही अपनों का खून बहा दिया। महज जमीन बंटवारे के विवाद में आधा दर्जन रिश्तेदारों ने मिलकर एक वृद्धा पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसकी इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। बरियो पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए परिवार के ही 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हमले की खौफनाक दास्तां वारदात उस वक्त शुरू हुई जब प्रार्थी कुलन अपने बेटे-बहू के साथ खेत में काम करने गए थे। घर पर उनकी पत्नी राजी बाई अपनी नन्ही नतिनी पायल के साथ अकेली थीं। इसी दौरान जमीन के हिस्से को लेकर रंजिश पाले बैठे रिश्तेदार घर में घुस आए और राजी बाई पर टूट पड़े। नतिनी ने जब भागकर परिजनों को सूचना दी, तब तक आरोपी वारदात को अंजाम दे चुके थे। बीच-बचाव के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन अंदरूनी चोटों के कारण अगले दिन वृद्धा ने दम तोड़ दिया।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां वृद्धा की मौत के बाद बरियो चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर सिधमा, भेलवाडीह, रजपुरी और कोट गहना के रहने वाले मुख्य आरोपी संजय मानिकपुरी, उसकी पत्नी परमेश्वरी, सरस्वती, राजकुमारी, चैतू और फुलकुंवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। यह घटना समाज के लिए एक चेतावनी है कि कैसे संपत्ति का लालच मानवीय संवेदनाओं को खत्म कर रहा है।