वेदांता हादसा अपडेट: एक और श्रमिक की मौत, मृतकों का आंकड़ा 24; लापरवाही पर शिकंजा

Follow Us

सक्ती। छत्तीसगढ़ के वेदांता पावर प्लांट हादसे में मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। गंभीर रूप से घायल एक और श्रमिक मनीष कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। झारखंड निवासी मनीष रायगढ़ के लखीराम मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे। फिलहाल 9 अन्य घायल श्रमिकों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है।

हादसे को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, प्लांट हेड समेत 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इस कार्रवाई पर उद्योग जगत में भी प्रतिक्रिया सामने आई है। जांच के लिए पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की है, जिसमें फोरेंसिक विशेषज्ञ भी शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, बायलर के फर्नेस में अत्यधिक ईंधन जमा होने से दबाव बढ़ा और पाइप हटने के बाद विस्फोट हो गया। रिपोर्ट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और रख-रखाव में लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। वहीं पीएम राहत कोष से भी आर्थिक मदद दी जाएगी।