रायपुर। भीषण गर्मी के बीच राजधानी के खम्हारडीह इलाके में जल संकट ने गंभीर रूप ले लिया है। सतनाम चौक स्थित बस्ती में पिछले करीब एक महीने से नियमित पानी सप्लाई बाधित है, जिससे स्थानीय लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है। नलों में पानी नहीं आने के कारण लोगों को पीने और घरेलू उपयोग के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है।
बस्तीवासियों के अनुसार, हालात इतने खराब हैं कि, कई परिवारों को निजी स्रोतों या महंगे पानी के टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से कभी-कभार टैंकर भेजे जा रहे हैं, लेकिन उनकी संख्या जरूरत के मुकाबले बेहद कम है, जिससे सभी तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि, यह समस्या नई नहीं है। हर साल गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत सामने आती है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जल संकट के चलते सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें पानी के इंतजाम में घंटों लगाना पड़ता है। बस्तीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि, जल्द से जल्द नियमित जल आपूर्ति बहाल की जाए और इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि हर साल इस परेशानी से राहत मिल सके।
